मालवीय रोड जैन मंदिर में संस्कार शिविर का छठा दिन बच्चों ने स्वयं की भगवान की शांतिधारा, सीखा षट्लेश्याओं का सिद्धांत।

रायपुर - मालवीय रोड स्थित ऐतिहासिक श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) में चल रहे 10 दिवसीय 'ग्रीष्मकालीन श्रमण संस्कृति संस्कार शिक्षण शिविर' के छठे दिन ज्ञान और क्रिया का अनूठा संगम देखने को मिला। संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की पावन प्रेरणा और श्री दिगंबर जैन श्रमण संस्कृति संस्थान, सांगानेर (जयपुर) के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बच्चों की सहभागिता प्रतिदिन नया रिकॉर्ड बना रही है।

कालीन सत्र में बच्चों को जैन धर्म की सबसे महत्वपूर्ण दैनिक क्रियाओं का व्यावहारिक व सूक्ष्म ज्ञान दिया गया। सांगानेर एवं रायपुर के विद्वानों के कुशल निर्देशन में आज बच्चों को केवल विधि नहीं बताई गई, बल्कि सभी नन्हे शिविरार्थियों से स्वयं विधि-विधान पूर्वक देव-शास्त्र-गुरु का पूजन, जिन अभिषेक एवं विश्व-शांतिधारा की पावन क्रियाएं संपन्न कराई गईं। अपने नन्हे हाथों से प्रभु का अभिषेक करते बच्चों का उत्साह देखने योग्य था। 

धार्मिक शिक्षण सत्र के अंतर्गत आज बच्चों और बड़ों के बौद्धिक विकास के लिए विशेष कक्षाएं आयोजित हुईं जिसमें बच्चों की पाठशाला में आज 'जैन धर्म शिक्षा भाग-2' के पाठ-5 के माध्यम से बच्चों को सच्चे देव, शास्त्र और गुरु की सही पहचान व उनके स्वरूप के बारे में बताया गया। इसके साथ ही पाठ-8 के अंतर्गत 'षट्लेश्या' (छह लेश्याओं) का अत्यंत रोचक और सूक्ष्म अध्ययन कराया गया, जिससे बच्चे समझ सके कि हमारे अच्छे और बुरे भावों का हमारे जीवन पर क्या प्रभाव पड़ता है।

प्रौढ़ एवं युवा वर्ग की पाठशाला में सुप्रसिद्ध जैन ग्रंथ 'छहढाला' की ढालों का क्रमबद्ध और मार्मिक विवेचन किया गया, जिसमें श्रावकों ने आत्म-कल्याण के सूत्रों को समझा। 

बच्चों के इस धार्मिक उत्साह और लगन को देखकर जैन समाज के वरिष्ठ व धर्मप्रेमी श्रावक भावविभोर हो उठे। आज समाज के प्रबुद्ध बंधुओं द्वारा शिविर में उपस्थित सभी बच्चों को पढ़ाई के लिए नोटबुक (कॉपी), पेन और आवश्यक स्टेशनरी सामग्री का निशुल्क वितरण कर उनका हौसला बढ़ाया गया। इसके पश्चात ट्रस्ट की ओर से सभी के लिए शुद्ध स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। 

यह पूरा सत्र सांगानेर के प्रतिष्ठित विद्वान अभिषेक जैन शास्त्री “आयांश”, विद्वान शरद जैन शास्त्री एवं रायपुर के विद्वान सौरभ जैन शास्त्री के सानिध्य में सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।

श्री दिगम्बर जैन पंचायत ट्रस्ट, कार्य समिति

एवं आदिनाथ विद्या धार्मिक पाठशाला,

मालवीय रोड मंदिर, रायपुर (छ.ग.)

← Back to Home